केनुआँपर के प्राचीन शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा व 24 घंटे का अखंड कीर्तन शुरू
थरथरी (नालंदा)। थरथरी प्रखंड के केनुआँपर गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर में फाल्गुन कृष्ण पक्ष त्रयोदशी, रविवार के पावन अवसर पर भगवान शिव की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा एवं 24 घंटे के अखंड कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन को लेकर पूरे गांव में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ विद्वान आचार्यों द्वारा संपन्न कराया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत 24 घंटे के अखंड कीर्तन का शुभारंभ किया गया। आसपास के गांवों से आई कीर्तन मंडलियों ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया। “हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे” एवं “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजायमान रहा।
इस अवसर पर कौशलेन्द्र कुमार (सांसद, नालंदा) तथा कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया ने केनुआँपर गांव पहुंचकर मंदिर में माथा टेका और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आसपास के गांवों से आए भक्तों ने कार्यक्रम में भाग लिया। आयोजन की तैयारी में गांव के लोगों ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय योगदान दिया।
धार्मिक कार्यक्रम के मुख्य निवेदक जुगा प्रसाद एवं संजय प्रसाद रहे, जबकि स्वागतकर्ता के रूप में केनुआँपर गांव के समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विनोद कुमार, सन्नी कुमार, जहेन्द्र कुमार, मनोज कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।
