पुलिस फरियादियों से अच्छा व्यवहार करे: एसपी भरत सोनी
रानी सिन्हा की रिपोर्ट
नूरसराय (नालंदा)। नूरसराय थाना परिसर में गुरुवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक (एसपी) भरत सोनी ने शिरकत कर लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में दर्जनों आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
एसपी भरत सोनी ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि हर हाल में न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है, वहीं आम नागरिकों को भी पुलिस प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि आपके प्रयास से किसी की जान बच सकती है।
इस दौरान एसपी ने थानाध्यक्ष अरविंद कुमार को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। साथ ही थाना का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था और कांड निष्पादन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उन्होंने विशेष रूप से पुलिसकर्मियों को फरियादियों के साथ विनम्र और संवेदनशील व्यवहार करने की हिदायत दी।
मौके पर एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल, इंस्पेक्टर मनीष भारद्वाज, अपर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
