हरनौत नगर पंचायत में स्थायी आधार सेवा केंद्र शुरू, नया पंजीयन, संशोधन व मोबाइल अपडेट की सुविधा उपलब्ध
सुनील कुमार की रिपोर्ट हरनौत:
हरनौत नगर पंचायत क्षेत्र में आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं के लिए स्थायी आधार सेवा केंद्र की शुरुआत कर दी गई है। केंद्र खुलने के साथ ही नया आधार कार्ड बनवाने, विवरण संशोधन कराने तथा मोबाइल नंबर अपडेट कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।
यह केंद्र प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचईडी पानी टंकी के पास एक भवन में संचालित किया जा रहा है। ग्रामीण विकास विभाग बिहार के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर इसे स्थापित किया गया है।
उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सुरेश सिंह ने बताया कि आधार सेवाओं के लिए पहले लोगों को दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता था, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और छात्रों को काफी परेशानी होती थी। अब सबनहुआ, रूपसपुर, पोरई, चेरन, बस्ती, श्रीचंदपुर, डिहरीगढ़, बबन बिगहा, माधोपुर-सबनहुआ, चौरिया, नियामतपुर, धर्मपुर समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधा मिल सकेगी।
केंद्र पर कार्यरत ऑपरेटर बब्लू कुमार ने बताया कि यहां सभी सेवाएं सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क पर ही उपलब्ध कराई जा रही हैं। बायोमेट्रिक सुधार के लिए 125 रुपये, डेमोग्राफिक अपडेट के लिए 75 रुपये, दस्तावेज सत्यापन के लिए 75 रुपये तथा आधार कार्ड डाउनलोड व कलर प्रिंट के लिए 40 रुपये शुल्क निर्धारित है। वहीं पांच से सात वर्ष तथा 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट और नया आधार पंजीयन निःशुल्क है। सात से पंद्रह वर्ष के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट आगामी 30 सितंबर तक मुफ्त रहेगा।
स्थानीय लोगों ने केंद्र को नियमित एवं स्थायी रूप से संचालित रखने की मांग की है। सूत्रों के अनुसार कई स्थानों पर आधार केंद्रों के बंद होने का मुख्य कारण भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण द्वारा सेवा प्रदाताओं के नियमों में किए गए बदलाव हैं। ऐसे में हरनौत में शुरू हुआ यह केंद्र आमजन के लिए काफी लाभदायक साबित हो रहा है।
