ईरान के खिलाफ जारी युद्ध पर रोक लगाने की मांग को लेकर शांति मार्च, पुतला दहन

0
IMG-20260312-WA0016

भाकपा (माले) के आह्वान पर मसौढ़ी में निकाला गया युद्ध विरोधी मार्च

प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट,

मसौढ़ी (पटना), 10 मार्च। ईरान के खिलाफ जारी युद्ध पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर भाकपा (माले) के राज्यव्यापी आह्वान पर मसौढ़ी प्रखंड कमिटी की ओर से युद्ध विरोधी शांति मार्च निकाला गया। मार्च की शुरुआत शहीद-ए-आजम भगत सिंह पार्क स्थित माले कार्यालय से हुई, जो थाना रोड, मेन रोड और स्टेशन रोड होते हुए मसौढ़ी डाकघर के पास पहुंचकर समाप्त हुई।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।

शांति मार्च का नेतृत्व भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य सह जिला कार्यालय सचिव कमलेश कुमार और मसौढ़ी प्रखंड सचिव राकेश ने किया। इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर थोपा गया युद्ध पूरी दुनिया के लिए संकट और तबाही का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि इंसानियत और अमन के दुश्मन साम्राज्यवादी ताकतों के खिलाफ दुनिया के लोगों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी, तभी विश्व में शांति स्थापित हो सकती है।

नेताओं ने कहा कि युद्ध के कारण महंगाई बढ़ रही है। घरेलू रसोई गैस के दाम में करीब 60 रुपये और व्यावसायिक गैस के दाम में 115 रुपये की वृद्धि हो चुकी है। यदि युद्ध जारी रहा तो डीजल, पेट्रोल समेत अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम भी बढ़ सकते हैं, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा।

सभा में यह भी कहा गया कि अरब देशों में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं। उन्हें सुरक्षित वापस लाने, मुआवजा देने और स्थायी रोजगार की गारंटी सुनिश्चित करने में केंद्र सरकार विफल रही है। नेताओं ने आरोप लगाया कि साम्राज्यवादी ताकतें संसाधनों पर कब्जा करने और अपने वर्चस्व को कायम रखने के लिए युद्ध को बढ़ावा दे रही हैं।

भाकपा (माले) नेताओं ने भारत सरकार से मांग की कि वह युद्ध के खिलाफ स्पष्ट रुख अपनाए और ईरान पर जारी हमलों को तुरंत रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहल करे। उन्होंने कहा कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है और इससे सबसे अधिक नुकसान आम जनता को ही उठाना पड़ता है।

शांति मार्च में संजय पासवान, कपिल पासवान, धर्मशीला देवी, कृष्ण रविदास, रमेश चौधरी, युगेश्वर बिंद, मनीष पासवान, दिलीप चौधरी, बिटेश्वर यादव, जवाहर साहब, कुंती देवी, टुनटुन विश्वकर्मा सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।

इस आशय की जानकारी भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य सह जिला कार्यालय सचिव कमलेश कुमार ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *