पानी भरे गड्ढे में गिरने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

0
IMG-20260303-WA0002

राकेश कुमार की रिपोर्ट,

हरनौत (नालंदा)। हरनौत थाना क्षेत्र अंतर्गत पोआरी गांव में सोमवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार पोआरी गांव के वार्ड संख्या 13 स्थित महादलित टोला निवासी सुधीर मांझी के डेढ़ वर्षीय पुत्र प्रेमन कुमार की घर के पास खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। घटना सोमवार की शाम लगभग 4 बजे की बताई जा रही है।

परिजनों ने बताया कि उस समय घर के सभी सदस्य भोजन बनाने में व्यस्त थे और बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते-खेलते प्रेमन कुमार पास के पानी भरे गड्ढे में गिर गया। कुछ देर तक जब बच्चा दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान देखा गया कि वह पानी भरे गड्ढे में पड़ा है। आनन-फानन में बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *