भागवत कथा के छठे दिन 24 घंटे का रुद्र महायज्ञ प्रारंभ, पूर्णाहुति पर होगा भंडारा
राकेश कुमार की रिपोर्ट,
हरनौत (नालंदा)। हरनौत प्रखंड अंतर्गत डिहरी पंचायत के हासनचक गांव स्थित घटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार की सुबह 24 घंटे के रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन भागवत कथा के छठे दिन संपन्न हो रहा है।
यज्ञकर्ता बाबा शंभू मिश्रा ने बताया कि रुद्र महायज्ञ से वातावरण शुद्ध होता है और श्रद्धालुओं में सद्भाव, एकता एवं भाईचारे की भावना सुदृढ़ होती है। यज्ञ का शुभारंभ ग्रामीणों और मंदिर के पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। पुजारी ललन कुमार, महादेव पासवान, पप्पू कुमार, लालबचन पासवान, कारू राम एवं भगवान पासवान ने बताया कि रुद्र महायज्ञ की तैयारी लगभग तीन माह पूर्व से की जा रही थी।
ग्रामीणों के सहयोग से करीब आठ लाख रुपये की लागत से मंदिर का नव निर्माण कराया गया है, जिसका नामकरण ‘घटेश्वर महादेव मंदिर’ रखा गया है। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद भंडारा का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।

आयोजकों ने बताया कि 22 फरवरी से 28 फरवरी तक भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। भागवत वक्ता रविकृष्ण दुबे ने कथा के छठे दिन चीर हरण प्रसंग पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से सहभागिता की और तालियों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कथा में महिलाओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं बुजुर्ग श्रद्धालु प्रतिदिन कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।
