15 दिन से लापता विवाहिता का नहीं मिला सुराग, जांच में जुटी हरनौत पुलिस

0
IMG-20260221-WA0112


राकेश पासवान की रिपोर्ट, हरनौत, नालंदा। हरनौत थाना क्षेत्र के बस्ती गांव से एक 20 वर्षीय विवाहिता युवती के पिछले 15 दिनों से लापता होने का मामला सामने आया है। युवती की पहचान डौली कुमारी के रूप में की गई है, जो बीते 3 फरवरी को हरनौत बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन अब तक वापस नहीं लौटी है।

युवती की मां शैला देवी ने इस संबंध में हरनौत थाना में लिखित आवेदन देकर प्रशासन से अपनी बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई है। उन्होंने चैनपुर गांव निवासी बालवीर पासवान के पुत्र बबी कुमार पर अपहरण का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि डौली कुमारी और बबी कुमार के बीच मोबाइल पर बातचीत हुआ करती थी।

मामले की जांच की जिम्मेदारी हरनौत थाना में तैनात एएसआई कृष्णा कुमार को सौंपी गई है। एएसआई कृष्णा कुमार ने बताया कि आरोपित बबी कुमार का ससुराल भी बस्ती गांव में ही है। वह फिलहाल दूसरे राज्य में रहकर काम करता है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच-पड़ताल कर रही है।

बताया जाता है कि डौली कुमारी की शादी दो वर्ष पूर्व पटना सिटी थाना क्षेत्र के मथनी में हुई थी। पिछले लगभग छह माह से वह तबीयत खराब रहने के कारण अपने मायके बस्ती गांव में रह रही थी।

पुलिस का कहना है कि विवाहिता की तलाश जारी है और अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *