नवादा में चमका नालंदा का खेल परचम: राज्य स्तरीय रग्बी चैंपियनशिप में महिला टीम बनी चैंपियन, पुरुष टीम उपविजेता
शंकर कुमार की रिपोर्ट
नवादा (बिहार) : रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के तत्वावधान में नवादा में आयोजित दो दिवसीय 12वीं राज्य स्तरीय सीनियर महिला एवं पुरुष रग्बी चैंपियनशिप 2026 का रविवार को समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में नालंदा जिले के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का परचम लहराया है। नालंदा की महिला टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए विजेता होने का गौरव प्राप्त किया, वहीं पुरुष टीम ने भी कड़े मुकाबले में उपविजेता का स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया।
14 और 15 मार्च तक चली इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया था। फाइनल मुकाबले में नालंदा की महिला टीम ने प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव रेंसी राकेश राज ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नालंदा के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय पटल पर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं, जो खेल जगत के लिए सुखद संकेत है।
चैंपियन बनी महिला टीम का नेतृत्व कप्तान चुंचुन कुमारी ने किया, जबकि निकिता कुमारी उप-कप्तान की भूमिका में रहीं। टीम में रेशम, कोमल, खुशी, प्रिया, अर्चना, मुस्कान राज, चांदनी, धर्मशीला, प्रियंका और स्वेता शाही ने अहम योगदान दिया। वहीं, उपविजेता रही पुरुष टीम की कमान शेखर कुमार के हाथों में थी और बजरंगी कुमार उप-कप्तान थे। टीम के अन्य सदस्यों में रितेश रंजन, राजू, राजन, प्रिंस, गोलू, आकाश आर्य, सुधांशु, नंदन, विक्रम और प्रमानंद कुमार शामिल थे।

खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर नालंदा के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। वरीय उप समाहर्ता सह जिला खेल प्राधिकारी आलोक चंद चौधरी, रग्बी बिहार के महासचिव पंकज ज्योति, नालंदा रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष मुन्नालाल और नालंदा कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रो. सुनीता सिन्हा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है।
इसके अलावा जिला कला संस्कृति पदाधिकारी शालिनी प्रकाश, डॉ. रवि चंद कुमार, रग्बी प्रशिक्षक अनिरुद्ध कुमार सहित कई खेल विशेषज्ञों और शारीरिक शिक्षकों ने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे नालंदा के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है।
