होली पर्व को लेकर पुलिस केंद्र नालंदा में दंगा निरोधक दल का मॉक ड्रिल
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट,
बिहारशरीफ (नालंदा)। पुलिस अधीक्षक नालंदा के निर्देशानुसार होली पर्व के मद्देनजर पुलिस केंद्र नालंदा में दंगा निरोधक दल द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी संभावित आपात स्थिति, विशेषकर सांप्रदायिक तनाव या विधि-व्यवस्था की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी को मजबूत करना था।
मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों ने भीड़ नियंत्रण, उपद्रव की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, तथा दंगा नियंत्रण उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास किया। इसमें दंगा नियंत्रण वाहन, सुरक्षा उपकरण, लाठी चार्ज की रणनीति, आंसू गैस के प्रयोग एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों का प्रदर्शन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग करने की आशंका को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इस तरह के अभ्यास से पुलिस बल को वास्तविक परिस्थितियों में संयमित, त्वरित और प्रभावकारी कार्रवाई करने में मदद मिलती है।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि होली पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो। इसके लिए जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
