महाशिवरात्रि पर विधायक डॉ. सुनील कुमार ने किया योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास, 51 लाख की सड़क निर्माण योजना का शुभारंभ, मणिराम अखाड़ा परिसर में विकास कार्य तेज

0
IMG-20260215-WA0126

बिहारशरीफ (नालंदा) : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बिहारशरीफ के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने शहर में कई विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने शहरवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।

विधायक ने नगर निगम क्षेत्र के सोहसराय गोला रोड में प्रारंभ से पंचाने नदी के पुल होते हुए मिश्रा टेंट हाउस के मकान से मोगलकुआं मस्जिद के निकट अवस्थित रांची रोड मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस योजना की कुल प्राक्कलित राशि 51 लाख 2 हजार 290 रुपये है।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत बाबा मणिराम अखाड़ा के उत्तर स्थित गैरमजरूआ भूमि पर चबूतरा निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। इस योजना पर 14 लाख 90 हजार रुपये खर्च किए गए हैं।

मंदिर विकास को लेकर संकल्प

डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि बाबा मणिराम अखाड़ा परिसर में मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार में विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं और मणिराम अखाड़ा को बिहारशरीफ का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह स्थल प्राचीन काल से आस्था का केंद्र रहा है, जहां शिवलिंग पहले गड्ढे में पानी के भीतर डूबा हुआ था। चुनाव से पूर्व स्थानीय लोगों ने मंदिर की जर्जर स्थिति से अवगत कराया था, जिसके बाद मंदिर के नवनिर्माण का संकल्प लिया गया। आज यह कार्य पूर्णता की ओर अग्रसर है।

10 करोड़ की राशि से होगा समग्र विकास

विधायक ने बताया कि चुनाव से पूर्व विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। इससे मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, तालाब का जीर्णोद्धार, सीढ़ियों का निर्माण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि बिहारशरीफ और नालंदा के कई प्राचीन मंदिर उपेक्षा का शिकार रहे हैं। वर्ष 2005 से पहले मणिराम अखाड़ा की स्थिति दयनीय थी, लेकिन अब यहां भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है जो आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

सनातन विकास ट्रस्ट का गठन

डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि बिहारशरीफ और नालंदा के मंदिरों के विकास के लिए ‘सनातन विकास ट्रस्ट’ का गठन किया गया है। इसके माध्यम से धर्मस्थलों का समुचित विकास किया जाएगा। साथ ही शहर के उपेक्षित छठ घाटों का भी नवनिर्माण कराया जाएगा।

उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे अपने धर्मस्थलों और धरोहरों को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए आगे आएं और यथासंभव सहयोग करें।

इस अवसर पर नीरज कुमार डब्लू, विपिन कुमार, अमरकांत भारती, पुलन बाबा, अजय कुमार, पूर्व वार्ड पार्षद बविता देवी, पूर्व वार्ड पार्षद सुशील कुमार मिट्ठू, राजेश कुमार, सतीश कुमार, गुड्डू मिश्रा, अरुण कुमार, मिथिलेश कुमार, महेश चौधरी, छोटू कुमार, दिनेश्वर चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *