नालंदा में NIA का बड़ा एक्शन: गन हाउस समेत कई ठिकानों पर छापेमारी, अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा

0
IMG-20260406-WA0027

बिहारशरीफ (नालंदा)। जिले में सोमवार तड़के सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हड़कंप मचा दिया। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने लहेरी थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस मोड़ स्थित चर्चित ‘पीके गन हाउस’ समेत आधा दर्जन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। खबर लिखे जाने तक तीन घंटे से अधिक समय से सर्च ऑपरेशन जारी था।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री, स्मगलिंग और उससे जुड़े संगठित सिंडिकेट को ध्वस्त करने के उद्देश्य से की जा रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क के तार अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।

इस बड़े ऑपरेशन के लिए करीब 100 पुलिस पदाधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने सुबह-सुबह ही चिन्हित ठिकानों की घेराबंदी कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

छापेमारी की गोपनीयता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि स्थानीय पुलिस को भी मिशन की पूरी जानकारी नहीं दी गई थी। लहेरी थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर उनके थाने से दो पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई में शामिल किया गया है, लेकिन रेड के मुख्य उद्देश्य को लेकर स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की गई है।

फिलहाल ‘पीके गन हाउस’ के अंदर दस्तावेजों और हथियारों के स्टॉक की गहन जांच की जा रही है। जांच टीम के अधिकारी मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद इस पूरे मामले में बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!