नालंदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20250613-WA0030

कतरी सराय (नालंदा) :.नालंदा आरक्षी अधीक्षक के विशेष निर्देश पर कतरीसराय थाना क्षेत्र के कतरडीह गांव में स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ‘अल खैर इस्लामिक फाइनेंस’ के नाम पर सस्ते दर पर लोन देने के बहाने ठगी की सूचना स्थानीय पुलिस को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सत्यम तिवारी ने वरीय पदाधिकारी, राजगीर के पुलिस उपाधीक्षक सुनील कुमार सिंह एवं गिरीयक इंस्पेक्टर मनीष भारद्वाज के साथ विचार-विमर्श कर एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में एसआई आदित्य कुमार, एएसआई मनीष कुमार, एएसआई रूदल पासवान, पीटीसी लालू कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल शामिल थे। टीम का नेतृत्व स्वयं थानाध्यक्ष सत्यम तिवारी कर रहे थे।

पुलिस ने कतरडीह गांव में एक साथ कई घरों में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इनके पास से कुल 11 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनका उपयोग ठगी के लिए किया जा रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सभी मोबाइल साइबर क्राइम पोर्टल पर पहले से ही संदिग्ध के रूप में दर्ज थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. अभिषेक सिंह उर्फ दिलीप कुमार (20 वर्ष), पिता- उचित सिंह
  2. रवि उर्फ अंकित राज (25 वर्ष), पिता- उमेश सिंह
  3. अमरेश कुमार (27 वर्ष), पिता- सुचित सिंह
  4. प्रभात कुमार उर्फ प्रभात सिंह (34 वर्ष), पिता- श्रवण सिंह
  5. विक्रम कुमार (23 वर्ष), पिता- रंजीत पासवान
    सभी आरोपी कतरडीह, थाना कतरीसराय, जिला नालंदा के निवासी हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, साइबर ठगी के पुराने मामलों में रवि उर्फ अंकित और अभिषेक सिंह पहले भी जेल जा चुके हैं। जेल से छूटने के बाद वे पुनः इस अवैध धंधे में सक्रिय हो गए थे।

थानाध्यक्ष सत्यम तिवारी ने बताया कि आरोपियों के पास से जब्त मोबाइल फोन की गहन जांच की जा रही है, जिनमें विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर ठगी के मामलों से संबंधित साक्ष्य मिले हैं। आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!