होली से पहले बड़ी कार्रवाई: राजगीर में दो मकानों से 428 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट, राजगीर (नालंदा)। होली पर्व के मद्देनज़र मद्य निषेध विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार संध्या नालंदा की टीम ने राजगीर थाना क्षेत्र के कलाली चौक स्थित आर्य समाज मंदिर, निचली बाजार इलाके में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है।
मद्य निषेध विभाग की टीम ने एक ही मोहल्ले में स्थित दो अलग-अलग मकानों के सभी कमरों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुल पांच कमरों से अवैध शराब बरामद हुई। छापेमारी में विभिन्न ब्रांड की कुल 428 बोतल/नग (करीब 250.500 लीटर) विदेशी शराब जब्त की गई।
बरामद शराब में रॉयल स्टैग (750 एमएल) की 93 बोतल, ब्लेंडर्स प्राइड (750 एमएल) की 30 बोतल, इम्पीरियल ब्लू (750 एमएल) की 36 बोतल, रॉयल स्टैग (375 एमएल) की 36 बोतल तथा 500 एमएल की 243 कैन बीयर शामिल है।
टीम ने बताया कि शराब को गोदाम में कबाड़ के बीच छिपाकर रखा गया था। यह गोदाम गिरफ्तार अभियुक्त के पिता का बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि होली पर्व के दौरान बिक्री के लिए शराब का संग्रहण किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दोनों मकानों के संबंधित पांचों कमरों को सीलबंद कर अधिहरण (कंफिस्केशन) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मद्य निषेध विभाग ने बताया कि होली पर्व को देखते हुए जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष सतर्कता बरती जा रही है और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
