नालंदा में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 65 लीटर विदेशी शराब बरामद, आरोपी गिरफ्तार
शंकर कुमार सिन्हा बिहारशरीफ (नालंदा): मद्यनिषेध विभाग, नालंदा द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध एक सुसंगठित एवं सफल कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई जिले में पूर्ण शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मामले में मद्यनिषेध विभाग की एसआई निधि को गुप्त सूचना मिली कि बिहार थाना क्षेत्र के देकुलीघाट गढ़पर मुहल्ला निवासी सूरज कुमार (पिता – स्वर्गीय देवानंद प्रसाद) अपने घर में अवैध शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन एवं त्वरित कार्रवाई के लिए एसआई निधि के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल में अधीक्षक मद्यनिषेध, नालंदा स्वयं, एसआई पुष्पा कुमारी, एएसआई प्रियंका कुमारी, उत्पाद सिपाही एवं होमगार्ड के जवान शामिल थे।
देकुलीघाट गढ़पर स्थित अभियुक्त के घर की तलाशी के दौरान किचन के ऊपर बने बॉक्स से अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। कुल 8 पेटी Officer’s Choice Whisky (180 एमएल) बरामद हुई, जिसमें कुल 361 बोतलें पाई गईं। बरामद शराब की कुल मात्रा 64.980 लीटर आंकी गई।
छापामारी के दौरान आरोपी सूरज कुमार मौके से फरार हो गया। बाद में थाना लौटने के उपरांत पुनः गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अम्बेर मुहल्ला में मौजूद है। सूचना मिलते ही एसआई निधि ने अपनी टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए अम्बेर मुहल्ला पहुंचकर सूरज कुमार को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
मद्यनिषेध विभाग, नालंदा ने आम नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल विभाग को सूचित करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
