गिरियक प्रखंड में भक्तिमय माहौल में मनाई गई महाशिवरात्रि, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
गिरियक (नालंदा)। गिरियक प्रखंड क्षेत्र में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिव भक्तों ने विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल कामना की।
प्रखंड के रैतर गांव स्थित बंगलापर मंदिर, दक्षिणी देवी स्थान मंदिर, विशुनपुर, करमपुर, कालीबिघा, गिरियक, ठाकुरबीघा, गुलजार बीघा, बेलदरिया तारोखर, दुर्गानगर, पावापुरी, कतरीसराय स्थित महादेव स्थान, रामनगर मार्ककता स्थित महादेव मंदिर, पोखरपुर-दरियापुर, सातौआ एवं केन्दोपुर सहित अन्य शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने जलाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर काली बीघा और तारापुर में अखंड कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति रस में डूबे रहे। प्रखंड मुख्यालय स्थित मनोकामना मंदिर एवं गिरियक बाजार के मंदिरों में भी देर संध्या तक पूजा-पाठ अनवरत चलता रहा।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। कतरीसराय बाजार में पुलिस गश्त करती रही। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर गौरव कुमार सिंह, श्रीकांत कुमार तथा कतरीसराय थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने विभिन्न शिव मंदिरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
रात्रि में कई स्थानों से भव्य शिव बारात निकाली गई तथा शिव-पार्वती विवाह उत्सव का आयोजन किया गया। मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। पूरे प्रखंड में महाशिवरात्रि का पर्व शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
