बेगमपुर के देवज्योति रामेश्वरम मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन, प्रसाद के लिए तैयार किया गया पांच क्विंटल लड्डू
रानी सिंह की रिपोर्ट | नूरसराय (नालंदा) महाशिवरात्रि पर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र के बेगमपुर स्थित देवज्योति रामेश्वरम मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिर एवं उसके परिसर को विशेष रोशनी और सजावट से सुसज्जित किया गया है। रविवार को यहां भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। पर्व को लेकर बेगमपुर सहित आसपास के गांवों में उत्साह और उल्लास का माहौल है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अभिजीत कुमार गौतम ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत सुबह 11 बजे मंदिर प्रांगण में भगवान शंकर के अभिषेक के साथ होगी। दोपहर तीन बजे वैवाहिक विधान के तहत श्रद्धालु महिलाओं द्वारा भगवान शंकर का उबटन किया जाएगा।

इसके बाद शाम साढ़े चार बजे धूमधाम से भगवान शिव की बारात निकाली जाएगी। यह शिव बारात बेगमपुर-नालंदा मार्ग से होते हुए नालंदा खंडहर तथा बड़गांव स्थित सूर्य मंदिर तक जाएगी और पुनः मंदिर परिसर लौटेगी।
रात्रि आठ बजे मंदिर प्रांगण में माता पार्वती और भगवान शिव का पारंपरिक विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया जाएगा।
मंदिर की संरक्षिका सुशीला सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण के लिए पांच क्विंटल लड्डू तैयार किया गया है। महोत्सव के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है।
महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
