बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र में धूमधाम से निकली भगवान शिव की बारात, 10 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया भंडारा प्रसाद
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट
बिहारशरीफ। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर लहेरी थाना क्षेत्र में भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई। शिव बारात में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे शहर में गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के विवाह का आयोजन विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।
बारात में महिला-पुरुष, बच्चे एवं युवतियां बढ़-चढ़कर शामिल हुए। शिव मंदिर के द्वार पर बारात का भव्य स्वागत किया गया। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ भगवान शिव की आरती उतारी और विवाह की रस्में निभाईं। इसके बाद मंदिर परिसर में पुजारियों द्वारा पूरे वैदिक विधान से भगवान भोलेनाथ का विवाह संपन्न कराया गया।
विवाह के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया। लहेरी थाना क्षेत्र के साथ-साथ ब्रह्मस्थान में भी प्रसाद वितरण किया गया। आयोजकों के अनुसार करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने भंडारा प्रसाद ग्रहण किया। देर रात तक भंडारा चलता रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।

लहेरी थाना के बड़े बाबू ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रही। किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। पुलिस प्रशासन सभी इलाकों में सक्रिय रहा तथा मंदिरों एवं मस्जिदों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। विभिन्न मोहल्लों से जुलूस निकालकर श्रद्धालु अपने-अपने मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना करते रहे।
दूसरी ओर ब्रह्मस्थान में भी भंडारे एवं पूजा-पाठ का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों एवं डीजे की धुन पर श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक पर्व मनाया। आयोजन समिति के सदस्य अनिल कुमार यादव ने बताया कि मोहल्लावासियों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। लोगों ने स्वेच्छा से तेल, नमक, चीनी, गैस एवं अन्य सामग्री देकर सहयोग किया।
आयोजकों ने कहा कि महाशिवरात्रि हिंदू धर्म का प्रमुख एवं महान पर्व है। सभी लोगों ने मिलकर शांतिपूर्वक एवं उत्साह के साथ इस पर्व को मनाया तथा क्षेत्र में सुख-शांति की कामना की।
