जन सुराज पार्टी की नालंदा जिला कमेटी का पुनर्गठन, कई पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

बिहार शरीफ (नालंदा) : जन सुराज पार्टी ने नालंदा जिला कमेटी का पुनर्गठन करते हुए संगठन में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व और प्रशांत किशोर के निर्देश पर नालंदा जिला की पूर्व कमेटी को भंग कर नई कमेटी का गठन किया गया है।
पार्टी नेताओं ने बताया कि नालंदा, जो माननीय मुख्यमंत्री का गृह जिला है, वहां एक मजबूत और सशक्त संगठन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी कड़ी में जिला कमेटी के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी की गई है।

इस अवसर पर जन सुराज पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित पासवान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के निर्देशानुसार नालंदा जिला कमेटी का नए सिरे से गठन किया गया है। पहले गठित जिला कमेटी को प्रारंभिक कमेटी के रूप में माना गया था, जिसका विस्तार समय आने पर किया जाना तय था। उसी के तहत आज नई जिला कमेटी की घोषणा की गई है।
अमित पासवान ने बताया कि पार्टी द्वारा जारी सूची में कई जिला स्तरीय पदाधिकारियों को प्रमोट कर राज्य स्तर की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि प्रखंड स्तर के कई सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिला कमेटी में जगह दी गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों द्वारा गहन समीक्षा के बाद नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

उन्होंने बताया कि नालंदा जिला अध्यक्ष रहे विरण कुमार को प्रमोट कर परमंडलीय सह-संयोजक बनाया गया है। वहीं, पूर्व जिला पर्यवेक्षक अरविंद प्रसाद उर्फ बिन्दा बाबू को नालंदा का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अरविंद बाबू ने कहा कि “हमारे नेतृत्व में नालंदा जिला का संगठन और अधिक मजबूत होगा। आगामी विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी की भागीदारी को नई दिशा मिलेगी।”
पार्टी ने महिला नेतृत्व को भी प्राथमिकता देते हुए पूनम जी को महिला जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है।
जन सुराज पार्टी ने बताया कि नालंदा जिला कमेटी के सभी सदस्यों की विस्तृत सूची जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी।