राजगीर में भारत ने रचा इतिहास : साउथ कोरिया को 4–1 से हराकर हीरो एशिया हॉकी कप 2025 पर कब्ज़ा

0
Screenshot_20250908_065722_WhatsApp

राजगीर (नालंदा) : नालंदा जिले के राज्य खेल अकादमी राजगीर खेल परिसर में चल रहा हीरो एशिया हॉकी कप 2025 (पुरुष वर्ग) रविवार को संपन्न हो गया। टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित फाइनल मैच भारत और साउथ कोरिया के बीच खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ कोरिया को 4–1 गोल से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

भारत की इस जीत के साथ ही राजगीर की ऐतिहासिक धरती एक बार फिर गौरवान्वित हुई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 2024 में वूमेन हॉकी चैंपियनशिप में भी भारतीय महिला खिलाड़ियों ने ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा था, और अब पुरुष हॉकी टीम ने भी अपने दमदार खेल से देश का मान बढ़ाया है।

फाइनल मैच में भारत के खिलाड़ियों ने आक्रामक और अनुशासित खेल दिखाते हुए शुरुआत से ही बढ़त बनाई। टीम के डिफेंडर और स्ट्राइकरों की बेहतरीन तालमेल ने कोरिया को गोल करने के कई मौकों पर रोके रखा। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में टीम इंडिया ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा और जीत सुनिश्चित की।

मैच के बाद पूरे स्टेडियम में भारत माता की जय और टीम इंडिया ज़िंदाबाद के नारों से माहौल गूंज उठा। हजारों दर्शकों ने इस ऐतिहासिक जीत के साक्षी बनकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

इस अवसर पर बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा – “यह धरती ऐतिहासिक रही है और यहां जो भी मैच खेला जाएगा उसमें भारत जरूर विजय होगा। हमारी सरकार की ओर से पूरी टीम को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाइयाँ।”

वहीं, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा – “राजगीर हमेशा से ऐतिहासिक रहा है। आज भी टीम इंडिया ने यहां से नया इतिहास रचा है। खिलाड़ियों ने पूरे देश का मान बढ़ाया है।”

टीम इंडिया के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जीत को दर्शकों और देशवासियों को समर्पित करते हुए कहा –“यह जीत सिर्फ हमारी नहीं, बल्कि पूरे देश की है। राजगीर की धरती से मिला समर्थन और दर्शकों का उत्साह हमें लगातार प्रेरित करता रहा।”

इस शानदार जीत के साथ भारत ने एक बार फिर एशियाई हॉकी में अपना वर्चस्व साबित कर दिया है और राजगीर खेल परिसर एतिहासिक पल का गवाह बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!