बिहारशरीफ में आईएमए का 22वां वार्षिक अधिवेशन 1 मार्च को, 250 से अधिक चिकित्सक होंगे शामिल

0
20260227_155204

शंकर कुमार, बिहारशरीफ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) का 22वां वार्षिक अधिवेशन सह मिलन समारोह आगामी 1 मार्च को शहर के आईएमए हॉल परिसर में आयोजित किया जाएगा। एक दिवसीय इस सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में विकसित हो रही आधुनिक पद्धतियों और तकनीकों पर विशेषज्ञों के बीच विस्तृत मंथन करना है, ताकि मरीजों को बेहतर और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

आईएमए के जिला अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार एवं आयोजन सचिव डॉ. धनंजय कुमार ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि यह संगठन का 22वां मिलन समारोह है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा जगत में प्रतिदिन हो रहे नवाचार, नई तकनीकों और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी चिकित्सकों के बीच साझा करना समय की मांग है। ऐसे आयोजन से डॉक्टरों को नवीनतम उपचार पद्धतियों से अवगत होने का अवसर मिलता है, जिसका सीधा लाभ मरीजों को मिलता है।

इस वर्ष सम्मेलन के मुख्य अतिथि पटना के प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. बी. बी. भारती होंगे। वे हृदय रोग से जुड़ी नई चुनौतियों, बदलती जीवनशैली के प्रभाव तथा आधुनिक उपचार विकल्पों पर विस्तृत व्याख्यान देंगे। सम्मेलन में जिले भर के लगभग 250 से अधिक चिकित्सकों के भाग लेने की संभावना है।

कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में अनुभवी चिकित्सक अपने शोध, अनुभव और चिकित्सा क्षेत्र में आए बदलावों पर विचार रखेंगे। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. अजय कुमार, सचिव डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. चंदेश्वर प्रसाद, डॉ. दीनानाथ सहित अन्य चिकित्सकों की सक्रिय भूमिका है। आईएमए के इस वार्षिक अधिवेशन को लेकर चिकित्सकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *