नालंदा में भीषण सड़क हादसा: डिवाइडर से टकराई कार, तीन चचेरे भाइयों की मौत, एक गंभीर
तेल्हाड़ा (नालंदा)
नालंदा जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार अहले सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। एकंगरसराय–जहानाबाद मुख्य मार्ग पर कठार पुल के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे युवक की मौत पटना ले जाने के दौरान रास्ते में हो गई।
मृतकों की पहचान, गांव में छाया मातम
मृतकों की पहचान जहानाबाद जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत टेनी बीघा गांव निवासी सोनू कुमार (21 वर्ष), रोहित कुमार (22 वर्ष) और उद्देश्य कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आपस में चचेरे भाई थे।
घायल युवक सूरज को गंभीर अवस्था में पटना स्थित पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही टेनी बीघा गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक सोनू के बड़े भाई सुनील कुमार ने बताया कि सभी युवक मसौढ़ी में एक मित्र की बहन के तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। मंगलवार की सुबह कठार पुल के पास सामने से आ रही एक गाड़ी ने अचानक चकमा दे दिया। इससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने से आ रही गाड़ी के कारण कार अनियंत्रित हुई। दो युवकों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ स्थित मॉडल (सदर) अस्पताल भेज दिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
