नालंदा में खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी की हत्या कर गंगा में बहाया शव, CCTV से खुली साजिश, पुलिस पूछताछ में पति ने कबूला जुर्म
रानी सिन्हा की रिपोर्ट
नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश में आया है, जहाँ एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को फतुहा के पास गंगा नदी में प्रवाहित कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति अंतेश कुमार उर्फ अमतेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
पिता की शिकायत पर शुरू हुई जांच
मामले का खुलासा तब हुआ जब जहानाबाद जिले के काको थाना अंतर्गत देवचंद बिगहा निवासी वादी योगेंद्र प्रसाद ने 13 मार्च 2026 को इस्लामपुर थाने में अपनी पुत्री कांति देवी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2012 में अपनी पुत्री की शादी चुलहन बिगहा निवासी अंतेश कुमार से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे। करीब चार माह पूर्व सामाजिक समझौते के बाद कांति अपने ससुराल आई थी, लेकिन कुछ दिनों से संपर्क न होने पर जब पिता चुलहन बिगहा पहुँचे, तो ससुराल वालों ने बताया कि वह भाग गई है। संदेह होने पर पिता ने पुलिस की शरण ली।
सीसीटीवी फुटेज ने खोली पोल
हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋतुराज ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में वैज्ञानिक एवं पारंपरिक अनुसंधान प्रारंभ किया गया। पुलिस ने जब अंतेश कुमार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। अंतेश ने बताया कि वह अपनी पत्नी से तंग आ गया था, इसलिए उसने अपने बहनोई के साथ मिलकर फतुहा में उसकी हत्या कर दी और शव को गंगा में फेंक दिया। पुलिस को फतुहा के मस्ताना घाट के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी और मृतका के फुटेज भी मिले हैं, जो अपराध की पुष्टि करते हैं।
विवाद और प्रताड़ना का पुराना इतिहास
डीएसपी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। वर्ष 2024 में कांति देवी ने पति के खिलाफ प्रताड़ना का केस भी दर्ज कराया था। डीएसपी ने बताया कि आरोपी पति ने स्वीकार किया है कि आपसी कलह और शक के चलते उसने इस जघन्य कांड को अंजाम दिया। पुलिस ने इस्लामपुर थाना कांड संख्या 95/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कांड के उद्भेदन में थानाध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय, अपर थानाध्यक्ष राम कुमार पाल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही। फिलहाल पुलिस शव की बरामदगी और सह-आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
