पैरू महतो सोमारी महाविद्यालय के पूर्व सचिव राजेंद्र प्रसाद सिंह का निधन, शोक सभा में दी गई श्रद्धांजलि
प्रेम कुमार की रिपोर्ट
बिहारशरीफ: स्थानीय पहड़पुरा स्थित पैरू महतो सोमारी महाविद्यालय के पूर्व सचिव राजेंद्र प्रसाद सिंह के आकस्मिक निधन पर महाविद्यालय परिसर में शोक सभा का आयोजन किया गया। सभा में शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर उनके योगदान को स्मरण किया गया।
शोक सभा को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वलिराम प्रसाद सिंह ने कहा कि राजेंद्र बाबू ने लगभग 38 वर्षों तक महाविद्यालय के सचिव के रूप में सेवा दी और अपने कार्यकाल में संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि उनके सचिव काल में महाविद्यालय परिसर की चहारदीवारी का निर्माण, नए कमरों का निर्माण तथा विश्वविद्यालय से स्थायी मान्यता प्राप्त करने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुए। उनके द्वारा किए गए योगदान सदैव स्मरणीय रहेंगे।

महाविद्यालय से जुड़े शिक्षकों, कर्मियों और विद्यार्थियों ने उन्हें एक कुशल प्रशासक, कर्मठ व्यक्तित्व एवं संस्थान के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित व्यक्ति बताया। सभी ने एक स्वर में कहा कि उनके निधन से महाविद्यालय को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
इस अवसर पर प्रो. आनंद कुमार वर्मा ने बताया कि राजेंद्र प्रसाद सिंह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही महाविद्यालय परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
शोक सभा में डॉ. अवधेश प्रसाद मेहता, डॉ. दिनेश कुमार वर्मा, प्रो. के.के. किशोर, डॉ. मिथिलेश कुमार, प्रो. मालती सिन्हा, प्रो. वीणा भारती, प्रो. ओम शांति, प्रो. दिनेश चंद्रा, प्रो. सूरज कुमार, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, प्रो. आनंद कुमार वर्मा, प्रो. भूपेंद्र कुमार, प्रो. अनिल कुमार, सूर्यकांत वर्मा, नारायण प्रसाद, अलखदेव प्रसाद, रवि रंजन, उदय कुमार, संदेश कुमार, राजीव रंजन, रामप्रवेश कुमार, शिवालक प्रसाद, सुशील कुमार, अनिल कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
सभा का समापन दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना के साथ किया गया।
