पेट्रोल टंकी के पास झाड़ियों में लगी आग, अग्निशमन टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा
अनुमंडल संवाददाता राजीव लोचन की रिपोर्ट,
नालंदा। नालंदा जिले के नालंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत पेट्रोल टंकी के पास सड़क किनारे झाड़ियों में असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगा देने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि महज 10 मिनट के अंदर पास स्थित पेट्रोल पंप को अपनी चपेट में ले सकती थीं, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे सूखी झाड़ियों में अचानक आग भड़क उठी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी। घटनास्थल के समीप एक पेट्रोल टंकी मौजूद थी, वहीं सड़क किनारे दो बसें भी खड़ी थीं, जो आग की चपेट में आ सकती थीं। समय रहते सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। यदि आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती तो जान-माल की भारी क्षति हो सकती थी। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसी घटनाओं की तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसी भी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।
