हर्ष फायरिंग मामले में पिता ने दर्ज कराई FIR: अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज, गोली लगने से बारात में युवक की मौत

नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र के नेरुत गांव में बुधवार रात जयमाला के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में बारात पक्ष के एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिन्द थाना क्षेत्र के बरहोग गांव निवासी 27 वर्षीय त्रिलोकी कुमार के रूप में हुई है, जो रामशरण यादव के पुत्र थे।
घटना के बाद त्रिलोकी के पिता रामशरण यादव ने अज्ञात लोगों के खिलाफ सारे थाना में बेटे को गोली मारने की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सारे थाना अध्यक्ष धर्मेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर सभी बिंदुओं पर बारीकी से छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि गोली किसने चलाई और इसका मकसद क्या था, इन सभी पहलुओं की जांच जारी है।
घटना के बाद नालंदा एसपी भारत सोनी ने गुरुवार रात सारे थाना पहुंचकर घटना को लेकर निरीक्षण किया। उन्होंने तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

घटना का विवरण:
त्रिलोकी कुमार बुधवार रात अपने गांव से बारात में शामिल होने नेरुत गांव गए थे। जयमाला के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में अचानक गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ गए दोस्तों ने उन्हें तत्काल एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सदर अस्पताल पहुंचे त्रिलोकी के परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर गोली मारी गई। घटना के बाद पुलिस ने एहतियातन गांव में कैंप किया हुआ है।
शादी की रस्में पूरी कर लौटी बारात:
इस हादसे के बावजूद आनन-फानन में शादी की रस्में पूरी की गईं। अलसुबह दूल्हा-दुल्हन के साथ बारात गांव लौट आई। हालांकि, इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद वर-वधू पक्ष समेत अन्य संबंधित लोगों पर भी आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
