बिजली बिल होगा ZERO! नालंदा-नवादा के 1.8 लाख से ज्यादा बीपीएल परिवारों को मिलेगा फ्री रूफटॉप सोलर पैनल, 28 फरवरी आख़िरी मौका

0
IMG-20260219-WA0012

शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट,

नालंदा/नवादा। सरकार ने नालंदा और नवादा जिले के गरीब एवं कुटीर ज्योति (बीपीएल) बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी पहल की है। बिजली बिल के बोझ को कम करने तथा ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पात्र परिवारों की छतों पर निशुल्क रूफटॉप सोलर पैनल लगाने की योजना शुरू की गई है।

योजना के तहत लाभार्थी परिवार दिन के समय पंखा, बल्ब एवं अन्य आवश्यक विद्युत उपकरण सौर ऊर्जा से चला सकेंगे, जिससे उनके मासिक बिजली खर्च में कमी आएगी। वर्तमान में नालंदा जिले में लगभग 93,000 तथा नवादा जिले में करीब 91,500 कुटीर ज्योति विद्युत उपभोक्ता इस योजना के संभावित लाभार्थी हैं।

बिजली कंपनी की ओर से उपभोक्ताओं से 28 फरवरी तक अपनी सहमति देने का आग्रह किया गया है, ताकि पहले चरण में ही सोलर यूनिट स्थापना की प्रक्रिया पूरी की जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि समय पर सहमति देने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

आवेदन प्रक्रिया को सरल और डिजिटल बनाया गया है। उपभोक्ता घर बैठे ‘सुविधा एप’ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए गूगल प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड कर “रूफटॉप सोलर पैनल स्थापन हेतु सहमति (कुटीर ज्योति)” विकल्प चुनना होगा। इसके बाद उपभोक्ता संख्या दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना है तथा आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और बीपीएल कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन जमा करना होगा।

जिन उपभोक्ताओं के पास स्मार्टफोन उपलब्ध नहीं है, वे संबंधित प्रमंडल कार्यालय के सुविधा काउंटर या नजदीकी वसुधा केंद्र की सहायता ले सकते हैं। विभागीय सुविधा काउंटर पर यह सेवा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

विभाग ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं, ताकि अधिक से अधिक परिवारों तक इस पहल का फायदा पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *