स्टार्टअप-नालंदा को गति देने के लिए डीएम की पहल, उद्यमियों संग हुई महत्वपूर्ण बैठक
शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट | बिहारशरीफ (नालंदा)
जिले में उद्योग एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से Startup–Nalanda के तहत समाहरणालय स्थित न्यू NIC मीटिंग रूम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुंदन कुमार, जिला पदाधिकारी, नालंदा ने की।
बैठक की शुरुआत महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, नालंदा द्वारा जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त तथा उपस्थित उद्यमियों के स्वागत के साथ हुई।
उद्यमियों ने साझा किए अपने स्टार्टअप मॉडल
जिलाधिकारी ने क्रमवार सभी उद्यमियों से उनके स्टार्टअप एवं व्यवसायिक गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे उद्यमियों ने अपने अनुभव और उपलब्धियां साझा कीं।
संजय कुमार ने बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से नेचुरल पेंट (गोबर आधारित पेंट) का व्यवसाय कर रहे हैं। प्रवीण कुमार Deep Valley EMA LLP के माध्यम से ई-व्हीकल बैटरी निर्माण का कार्य कर रहे हैं। अविनाश कुमार सैनिटरी नैपकिन का उत्पादन कर रहे हैं, जबकि विशाल चौधरी सिनेमा एवं डिजाइन स्टूडियो का संचालन कर रहे हैं।

रितिका चंद्र फैशन डिजाइन एवं गारमेंट्स निर्माण के क्षेत्र में कार्यरत हैं। विनोद कुमार कुल्हड़ टी कप का उत्पादन कर रहे हैं। प्रशांत कुमार ने इस्लामपुर में इलेक्ट्रिक पोल निर्माण प्लांट स्थापित किया है। शिशुपाल कुमार चंडी में मॉड्यूलर फर्नीचर का व्यवसाय संचालित कर रहे हैं।
सरमेरा में नैपियर घास से कैटल फीड निर्माण, राजगीर में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत फ्लेक्स प्रिंटिंग, सिलाव में मूर्ति निर्माण, एकंगरसराय में मशरूम उत्पादन (बिहार स्टार्टअप पॉलिसी के तहत 4 लाख रुपये की सीड फंडिंग) तथा इंटीग्रेटेड एग्री फार्मिंग जैसे नवाचार भी बैठक में प्रस्तुत किए गए।
‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ पर जोर
बैठक में ‘Ease of Doing Business’ के अंतर्गत विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कोविड-19 काल का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रवासी श्रमिकों की स्किल मैपिंग कर Chanpatia Startup Zone का गठन किया गया, जो बाद में पूरे राज्य के लिए रोल मॉडल साबित हुआ।
सरकार का पूरा सहयोग
जिलाधिकारी ने सभी उद्यमियों को आश्वस्त किया कि बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ-साथ उद्योग को बढ़ावा देकर अधिक से अधिक रोजगार सृजन करना सरकार का मुख्य उद्देश्य है।
उद्यमियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने हुनर का बेहतर उपयोग कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नालंदा जिले का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त नगर निगम बिहारशरीफ, डीपीएम जीविका, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।
