राजस्व विभाग में अनियमितता पर डीएम सख्त, पांच कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई

0
IMG-20260217-WA0012

प्रेम सिंघानिया | बिहारशरीफ (नालंदा), नालंदा जिले में राजस्व विभाग की कार्यशैली पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कुंदन कुमार द्वारा की गई समीक्षा बैठक में अस्थावाँ अंचल से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया, जिसमें नियमों की अनदेखी करते हुए दाखिल-खारिज वाद में विरोधाभासी अनुशंसा की गई।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि अस्थावाँ अंचल के पांच राजस्व कर्मचारियों—श्री कृष्णदेव कुमार, श्री मनोज कुमार, श्री फलेन्द्र कुमार, श्री सूरज कुमार रजक एवं श्री दीपक कुमार—ने एक ही दस्तावेज पर पहले दाखिल-खारिज वाद को अस्वीकृत करने की अनुशंसा की। बाद में बिना सक्षम पदाधिकारी के आदेश के उसी दस्तावेज पर वाद को स्वीकृत करने की अनुशंसा कर दी गई। इस प्रक्रिया को प्रशासन ने गंभीर अनियमितता माना है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित पांचों कर्मचारियों के विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ का गठन कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है। प्रशासनिक सख्ती के इस फैसले से राजस्व विभाग में हलचल मच गई है।

समीक्षा बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ऐसे सभी मामलों को चिन्हित किया जाए, जहां राजस्व कर्मचारी जानबूझकर कार्यों में देरी या टालमटोल कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि परिमार्जन और दाखिल-खारिज से जुड़े मामलों में यदि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है, तो उन मामलों की जांच कर त्वरित कार्रवाई का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए।

डीएम कुंदन कुमार ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार के सातवें निश्चय “सबका सम्मान–जीवन आसान” के तहत आम जनता को पारदर्शी और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी सरकारी कर्मी अपने अधिकारों का दुरुपयोग करता है या जनता को परेशान करता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *