मैट्रिक परीक्षा–2026 को लेकर डीएम-एसपी का संयुक्त निरीक्षण, कदाचारमुक्त संचालन पर जोर
बिहारशरीफ: मैट्रिक परीक्षा–2026 के सुचारु, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री भारत सोनी ने बिहारशरीफ शहरी क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने एस०एस० बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिहारशरीफ तथा नालंदा कॉलेज, बिहारशरीफ स्थित परीक्षा केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों की स्थिति को स्वयं देखा और आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने दो टूक कहा कि कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संयुक्त निरीक्षण से परीक्षा केंद्रों पर प्रशासनिक सतर्कता और सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।
