जिलाधिकारी ने बिहारशरीफ प्रेस क्लब का किया निरीक्षण, जल्द क्रियाशील करने का दिया निर्देश
बिहारशरीफ (नालंदा)। जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान नाला रोड स्थित प्रेस क्लब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि प्रेस क्लब को यथाशीघ्र पूर्ण रूप से क्रियाशील किया जाए, ताकि जिले के पत्रकारों को इसका समुचित लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रेस क्लब में हर हाल में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं और किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बताया गया कि जिले भर के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कर्मियों की सुविधा के लिए प्रेस क्लब में शौचालय, पेयजल, वाई-फाई, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि पत्रकारों को कार्य करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
