कतरीसराय में सीपीआई का अंचल कार्यालय घेराव, जनसमस्याओं को लेकर सौंपा मांगपत्र

0
IMG-20260227-WA0053

कतरीसराय, नालंदा । भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की अंचल कमिटी, कतरीसराय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं एवं सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग को लेकर अंचल कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अंचलाधिकारी को मांगपत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

धरना-प्रदर्शन में महागठबंधन के घटक दलों ने भी नैतिक समर्थन दिया। सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने केंद्र सरकार की अमेरिका–भारत ट्रेड डील का कड़ा विरोध करते हुए इसे किसान और मजदूर विरोधी करार दिया। उन्होंने इस ट्रेड समझौते को तत्काल रद्द करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि अकुशल श्रमिकों को 100 दिनों के बजाय 200 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पुरानी पेंशन योजना को अविलंब लागू करने की मांग भी उठाई गई। सभा में सभी भूमिहीन परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर पांच डिसमिल जमीन और आवास उपलब्ध कराने की बात कही गई।

इसके अतिरिक्त राशन कार्ड में कथित रूप से की जा रही अनुचित कटौती पर रोक लगाने, कोऑपरेटिव सोसायटी के माध्यम से किसानों की उपज की शत-प्रतिशत खरीद सुनिश्चित करने तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की गई।

नेताओं ने कहा कि भूमिहीन परिवारों को क्लस्टर स्तर पर आवास उपलब्ध कराया जाए, जिसमें सामुदायिक भवन के साथ सरकार की सप्त निश्चय योजना के सभी लाभ शामिल हों।

सभा को वरीय कम्युनिस्ट नेता सत्येंद्र कृष्णम्, माहेश्वरी सिंह, अभिषेक कुमार, अमरेन्द्र प्रताप, राहुल कुमार, विकास कुमार एवं नबेंदु झा सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

अंत में नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र और गंभीरता से विचार नहीं करती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *