आजीवन कारावास के फैसले के खिलाफ भाकपा माले का प्रतिवाद सभा, सरकार पर लगाया राजनीतिक साजिश का आरोप
अमर वर्मा की रिपोर्ट
बिहारशरीफ (नालंदा): भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) नालंदा जिला इकाई की ओर से राज्य कमेटी सदस्य एवं इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) बिहार प्रदेश अध्यक्ष कामरेड जितेंद्र पासवान तथा अन्य साथियों को सुनाई गई आजीवन कारावास की सजा के विरोध में प्रतिवाद सभा का आयोजन किया गया।
प्रतिवाद सभा का नेतृत्व भाकपा माले राज्य कमेटी सदस्य एवं नालंदा जिला सचिव सुरेंद्र राम ने किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जितेंद्र पासवान गरीबों, मजदूरों, किसानों और छात्र-नौजवानों की आवाज बुलंद करने वाले एक मुखर नेता रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों की आवाज को दबाने के उद्देश्य से सोची-समझी साजिश के तहत उन्हें और अन्य साथियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।
सुरेंद्र राम ने यह भी कहा कि पूरा मामला जदयू मंत्री सुनील कुमार द्वारा राजनीतिक प्रतिशोध का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2020 के गोपालगंज के भोरे विधानसभा चुनाव में राजनीतिक साजिश के तहत जितेंद्र पासवान को निशाना बनाया गया। उनका दावा था कि मामले में हत्या का कोई ठोस साक्ष्य नहीं है, जबकि कई निर्दोष कार्यकर्ता पहले से सजा काट रहे हैं।
वहीं इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) के राज्य सह सचिव बिरेश कुमार ने कहा कि कामरेड मनोज मंजिल के बाद अब जितेंद्र पासवान को फंसाया जाना विपक्ष की आवाज को दबाने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा-जदयू गठबंधन विपक्ष रहित बिहार और विपक्ष रहित भारत की राजनीति कर रहा है।
सभा में भाकपा माले नूरसराय प्रभारी मकसूदन शर्मा, वेन प्रभारी महेंद्र प्रसाद, बिहारशरीफ प्रभारी सुनील कुमार, बाढ़न पासवान, जिला कमेटी सदस्य अनिल पटेल एवं रेणु देवी, तथा सिलाव प्रभारी रामाधीन प्रसाद सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभा के माध्यम से पार्टी नेताओं ने फैसले की न्यायिक पुनर्समीक्षा की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
