इसलामपुर में कांग्रेस का ‘संगठन सृजन अभियान’ शुरू, गांव-गांव जाकर होगी कार्यकर्ताओं से सीधी बातचीत

0
IMG-20260221-WA0000

अमर वर्मा की रिपोर्ट,

इसलामपुर (नालंदा)। इसलामपुर नगर स्थित प्रखंड कांग्रेस कमिटी कार्यालय में शुक्रवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक रणविजय सिंह द्वारा ‘संगठन सृजन अभियान’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदान केंद्र स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को सशक्त और सक्रिय बनाना है।

एआईसीसी के सचिव सह मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पर्यवेक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी तथा संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल की स्पष्ट सोच है कि संगठन का निर्माण अब बंद कमरों में नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद के माध्यम से होगा।

उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षकों की टीम जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों और प्रखंडों का दौरा करेगी। इस दौरान पुराने और नए कार्यकर्ताओं, युवा कांग्रेस, सेवा दल और वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श किया जाएगा। गांव-गांव जाकर कार्यकर्ताओं की राय ली जाएगी और उसी आधार पर संगठनात्मक निर्णय लिए जाएंगे।

रणविजय सिंह ने स्पष्ट किया कि जहां वर्तमान जिलाध्यक्ष बेहतर कार्य कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त है, उन्हें पुनः जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं, यदि कार्यकर्ता बदलाव चाहते हैं तो उस पर भी गंभीरता से विचार होगा। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष को इतना सशक्त बनाया जाएगा कि वे मंडल, ब्लॉक और ग्राम समितियों का गठन स्वतंत्र रूप से कर सकें। आगामी समय में जिलाध्यक्ष की अनुशंसा के बिना विधानसभा या लोकसभा टिकट मिलना कठिन होगा।

पर्यवेक्षक ने बताया कि अगले सात दिनों तक टीम विभिन्न प्रखंडों और गांवों में जाकर जमीनी हकीकत का आकलन करेगी। प्राप्त आवेदनों और फीडबैक के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर दिल्ली स्थित एआईसीसी एवं प्रदेश नेतृत्व को सौंपी जाएगी। इस प्रक्रिया के तहत आवेदन फॉर्म भी जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानपूर्वक संगठन में स्थान दिया जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व प्रत्याशी विवेक कुमार सिन्हा, जिलाध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश कांग्रेस महासचिव, प्रखंड अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रसाद यादव, राजकुमार केशरी, भागवत सिंह यादव, कवि अलवेला जी, प्रिंस मिस्त्री, रामजी मिस्त्री सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इससे पूर्व पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पर्यवेक्षकों का स्वागत शेख अब्दुल्ला मोड़ से मोटरसाइकिल जुलूस निकालकर किया गया। कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे और सोनिया गांधी तथा प्रियंका गांधी वाड्रा के समर्थन में भी जोरदार नारे लगाए। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *