बख्तियारपुर में निर्माणाधीन आरओबी का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रानी सिन्हा की रिपोर्ट,
बख्तियारपुर। नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री बिहार ने शनिवार को बख्तियारपुर में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निरीक्षण किया। यह आरओबी बख्तियारपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के समीप बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आरओबी बनने से क्षेत्र में यातायात की समस्या काफी हद तक दूर होगी और लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनका स्नेहिल अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने भी लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना।
गौरतलब है कि बख्तियारपुर में इस रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से आसपास के इलाकों के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी बेहतर होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
