बुधवार को नूरसराय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल मुख्य अतिथि डॉ. दिव्या तिवारी,मंडल प्रमुख संदीप चौधरी व अन्य
रानी सिन्हा की रिपोर्ट नूरसराय। नालंदा
नाबार्ड द्वारा बुधवार को पंजाब नेशनल बैंक, आर-सेटी, नूरसराय के परिसर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हॉर्टिकल्चर कॉलेज नूरसराय के प्राध्यापक-सह-कनीय वैज्ञानिक डॉ. दिव्या तिवारी, विशिष्ट अतिथि के रूप में पीएनबी के मंडल प्रमुख संदीप चौधरी ने शिरकत की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. दिव्या तिवारी ने नाबार्ड एवं आर-सेटी के महिलाओं के उत्थान हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अब समाज में किसी पहचान की ज़रूरत नहीं, महिलाएं हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। पीएनबी के मंडल प्रमुख संदीप चौधरी ने कहा कि महिलाओं के बिना हम समाज एवं देश के उत्थान की बात नहीं कर सकते। महिलायें आगे बढ़ेंगी तो देश का विकास होगा। बैंक सभी महिलाओं को रोजगार एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने हेतु सदैव तत्पर है। नाबार्ड के ज़िला विकास प्रबंधक अमृत बरनवाल ने बताया कि नाबार्ड का सृजन 44 वर्ष पूर्व ग्रामीण विकास हेतु किया गया था और नाबार्ड ग्रामीण महिलाओं एवं किसानों के उत्थान के लिए कार्यरत है। उन्होंने बताया कि ज़िले में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वावलंबी बनाने हेतु विभिन्न प्रशिक्षण दिलाये गए हैं। प्रशिक्षण प्राप्त कर कई महिलाओं द्वारा यह गतिविधियाँ शुरू कर ली गई हैं और अपने उत्पाद को बाज़ार में बेच कर आय में मदद मिल रही है। साथ ही नाबार्ड द्वारा राज्य भर में जितने भी मेले, हाट आदि का आयोजना किया जाता है उन सभी में इन महिलाओं को भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाता है।

अग्रणी ज़िला प्रबंधक श्रीकान्त सिंह ने कहा कि महिलाओं के सम्मान में विश्व भर में महिला दिवस का आयोजन किया जाता है क्योंकि समाज समझ चुका है कि महिलाओं के बिना हम विकास के बारे में नहीं सोच सकते। डीपीएम जीविका संजय प्रसाद ने बताया कि महिलाओं के सर्वांगीण विकास हेतु जीविका उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। कार्यक्रम के दौरान मिशन हरियाली नूरसराय के संस्थापक राजीव रंजन भारती ने जलवायु परिवर्तन पर ध्यान केंद्रित करते हुए सभी महिलाओं से पेड़ लगाने का अनुरोध किया। साथ ही मिशन हरियाली की तरफ़ से सभी महिलाओं को अमरूद और कटहल के पौधे दिये गये। कार्यक्रम के दौरान ज़िले के तीन उद्यमी महिलाओं को विशेष सम्मान से पुरस्कृत किया गया। जिनमें अंजलि कुमारी(सिलाई), ज्योति कुमारी (कॉस्ट्यूम ज्वैलरी) ,आरजू कुमारी (जूट उद्यमी) शामिल हैं। यह महिलाएं समाज में महिलाओं हेतु आदर्श के रूप में कार्य कर रही हैं साथ ही साथ अन्य महिलाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग कर रही हैं। तीनो उद्यमी महिलाओं द्वारा अपनी प्रगति की यात्रा के बारे में विस्तृत रूप से साझा किया। आर-सेटी के निदेशक राजीव वर्मा ने बताया कि आर-सेटी महिलाओं को विभिन्न विषयों पर तकनीकी प्रशिक्षण देता रहा है और अनुरोध किया कि समूह में महिलाएँ गतिविधि का चयन कर यहाँ प्रशिक्षण का लाभ लें। तदुप्रांत सभी महिलाओं को उपहार और फलदार पौधे देकर कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम में पीएनबी के उप मंडल प्रमुख उज्जवल जयसवाल, पीएनबी अंधाना शाखा के शाखा प्रबंधक सुबोध कुमार, आरसेटी से मनीष कुमार के अलावे 33 बैंक के बीसी महिला संचालक भी मौजूद थे। इस पूरे कंटेंट को सही से लिखें
