सैनिक स्कूल नालंदा के कैडेट्स का विद्यार्थी विज्ञान मंथन में शानदार प्रदर्शन
रानी सिन्हा की रिपोर्ट,
नालंदा। सैनिक स्कूल नालंदा के 16 सैन्य-छात्रों ने 15 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना में आयोजित विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राज्य स्तरीय कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी वैज्ञानिक सोच और प्रतिस्पर्धी क्षमता का परिचय दिया।
कक्षा दसवीं के सैन्य छात्र अनुराग कुमार ने प्रांत स्तरीय कैंप में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ₹5000 का नकद पुरस्कार, उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। वहीं कक्षा सातवीं के सैन्य छात्र अभिनव राज ने अपने वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल किया, जिसके लिए उन्हें ₹3000 नकद पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न से सम्मानित किया गया। इसी वर्ग के सैन्य छात्र आरव सेन ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹2000 नकद पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्राप्त किया।
उक्त पुरस्कार प्रोफ़ेसर प्रदीप के जैन, निदेशक, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना द्वारा प्रदान किए गए। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा और उत्साह की सराहना की।
गौरतलब है कि अनुराग कुमार और अभिनव राज का चयन आगामी 16-17 मई 2026 को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गांधीनगर, गुजरात में आयोजित होने वाले विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राष्ट्रीय कैंप के लिए भी किया गया है।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के कक्षा छठी से ग्यारहवीं तक के कुल 108 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान, शोध एवं तकनीक के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों से परिचित कराना है।
यह प्रांत स्तरीय कैंप विज्ञान भारती, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस म्यूज़ियम, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में किया जाता है, जिसका उद्देश्य वैज्ञानिक अभिरुचि वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित करना है।
विद्यालय के प्राचार्य कर्नल भूपेंद्र कुमार ने विजेता सैन्य-छात्रों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई दी और भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।
