मैट्रिक परीक्षा 2026 को स्वच्छ व पारदर्शी ढंग से कराने हेतु अधिकारियों की ब्रीफिंग

0
IMG-20260214-WA0255

शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट

17 से 25 फरवरी तक दो पालियों में होगी परीक्षा, 36 केंद्रों पर 45,324 परीक्षार्थी होंगे शामिल

नालंदा, 14 फरवरी 2026। मैट्रिक परीक्षा 2026 के स्वच्छ, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर शनिवार को नगर भवन, बिहारशरीफ में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्ता नालंदा श्री राजीव रंजन कुमार सिन्हा ने की। इसमें संबंधित केंद्राधीक्षकों एवं दंडाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी।

1001254060

36 परीक्षा केंद्र, 45,324 परीक्षार्थी

जिले में कुल 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बिहारशरीफ में 18, राजगीर में 9 तथा हिलसा में 9 केंद्र शामिल हैं। छात्राओं के लिए 15 एवं छात्रों के लिए 21 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

इस वर्ष 22,666 छात्र एवं 22,658 छात्राएं, कुल 45,324 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

कड़े निर्देश और सख्त निगरानी

अपर समाहर्ता ने सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा संचालन के लिए जारी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों के लिए किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। केंद्राधीक्षक को छोड़कर किसी भी अन्य प्रतिनियुक्त कर्मी/पदाधिकारी को मोबाइल फोन साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी परीक्षार्थियों को जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थी चप्पल पहनकर ही परीक्षा भवन में प्रवेश करेंगे।

प्रथम पाली (सुबह 9:30 बजे) के लिए प्रवेश सुबह 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली (दोपहर 2:00 बजे) के लिए प्रवेश 1:30 बजे तक ही दिया जाएगा। विलंब से आने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।

दंडाधिकारियों की व्यापक तैनाती

परीक्षा को कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु 77 स्टैटिक दंडाधिकारी, 17 गश्ती दल दंडाधिकारी, 8 उड़नदस्ता (जोनल दंडाधिकारी) तथा 6 सुपर जोनल दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारी भ्रमण के दौरान परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण पंजी में टिप्पणी दर्ज करेंगे और प्रतिदिन जिला पदाधिकारी को प्रतिवेदन देंगे।

जिलास्तरीय नियंत्रण कक्ष टोल फ्री नंबर 18003456323 पर कार्यरत रहेगा।

सीसीटीवी, रेंडमाइजेशन और सुरक्षा व्यवस्था

सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और सतत वीडियोग्राफी कराई जाएगी। वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति रेंडमाइजेशन के आधार पर होगी। केंद्राधीक्षक अपने स्तर से सभी कर्मियों को पहचान पत्र निर्गत करेंगे।

महिला परीक्षार्थियों की जांच के लिए महिला दंडाधिकारी एवं महिला पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल मौजूद रहेंगे। सभी परीक्षा कक्षों में रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

500 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा

प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 500 मीटर की परिधि में भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। शौचालयों की विशेष जांच कर नकल सामग्री की संभावना समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट एवं स्टेशनरी दुकानों की जांच तथा कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश भी दिया गया। बिहारशरीफ शहर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु यातायात पुलिस उपाधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा), जिला शिक्षा पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक सहित संबंधित केंद्राधीक्षक एवं दंडाधिकारी उपस्थित थे।

अपर समाहर्ता ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *