4.24 अरब के बजट पर मंथन: बिहारशरीफ नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में शहर के विकास, वेंडिंग जोन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अहम फैसले
बिहारशरीफ नगर निगम कार्यालय में सोमवार को महापौर अनीता देवी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर निगम का वार्षिक बजट रहा, जिसे महापौर द्वारा समिति के सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बजट के सारांश के अनुसार, आगामी वित्तीय वर्ष के लिए कुल अनुमानित आय 4,24,68,72,568 रुपये (लगभग 4.24 अरब) रहने का अनुमान है।
बजट का गणित और अनुमानित व्यय
प्रस्तुत बजट के आंकड़ों के अनुसार, नगर निगम के पास 2,45,81,65,568 रुपये का प्रारंभिक शेष अनुमानित है, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुमानित आय 1,78,87,07,000 रुपये जोड़ी गई है। वहीं, शहर के विकास और प्रशासनिक कार्यों पर होने वाला कुल अनुमानित व्यय 2,06,87,45,000 रुपये निर्धारित किया गया है। व्यय के बाद निगम के पास 2,17,81,27,568 रुपये का अंतिम शेष बचने का अनुमान लगाया गया है। सदस्यों ने बजट का गहन अवलोकन कर विभिन्न विकास योजनाओं पर चर्चा की।
शहर के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं पर निर्णय
बैठक में सदस्यों द्वारा शहर की व्यवस्था को सुधारने हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। नगर निगम ने निर्णय लिया है कि वेंडिंग जोन के निर्माण में अब सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा, जिसमें शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, प्लेटफॉर्म और शेड का निर्माण अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, शहर की प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, उपकरणों की मरम्मति के साथ-साथ सड़क और नालों के रखरखाव के लिए ‘अभिरुचि की अभिव्यक्ति’ (EOI) के माध्यम से एक सक्षम एजेंसी का चयन करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा प्रस्ताव
सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों ने चर्चा के उपरांत इस बजट को आगामी बोर्ड की बैठक में अंतिम रूप से पारित करने हेतु रखने का निर्णय लिया है। बैठक में उप महापौर आईशा शाहीन, नगर आयुक्त कुमार निशांत विवेक, उप नगर आयुक्त शम्स रजा सहित समिति के अन्य सदस्य और कार्यालय के पदाधिकारी उपस्थित थे।
