दिव्यांगजनों के लिए बैट्री चालित तिपहिया साइकिल मरम्मत शिविर शुरू, 11 लाभुकों की साइकिल ठीक

0
IMG-20260316-WA0145

शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट,

बिहारशरीफ (नालंदा)। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, नालंदा द्वारा छत्र योजना (सम्बल) के अंतर्गत लाभुकों को वितरित बैट्री चालित तिपहिया साइकिलों की तकनीकी मरम्मत तथा खराब बैट्री और चार्जर के प्रतिस्थापन के लिए विशेष निःशुल्क शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रत्येक तीन माह में वरीय उप समाहर्ता सह सहायक निदेशक प्राची रिया के पर्यवेक्षण में आयोजित किया जाता है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इस वर्ष का पहला शिविर मार्च माह में आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को बिहारशरीफ प्रखंड, हरनौत, रहुई, नूरसराय तथा नगर निगम बिहारशरीफ क्षेत्र के दिव्यांगजन लाभुकों के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, नालंदा में शिविर लगाया गया।

इस शिविर में कुल 17 लाभुक उपस्थित हुए, जिनमें से 11 लाभुकों की बैट्री चालित तिपहिया साइकिलों की तकनीकी खराबियों की मरम्मत की गई। वहीं शेष 6 लाभुकों की साइकिलों की गारंटी अवधि समाप्त हो जाने के कारण उन्हें विभागीय निर्देशानुसार निर्धारित दर पर मरम्मत कराने की जानकारी दी गई।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 17 मार्च को अस्थावां, सरमेरा और बिंद प्रखंड के लिए सरमेरा कार्यालय में शिविर लगाया जाएगा। 18 मार्च को करायपरसुराय, नगरनौसा, चंडी और इस्लामपुर प्रखंड के लाभुकों के लिए करायपरसुराय कार्यालय में शिविर आयोजित होगा।

इसके बाद 19 मार्च को हिलसा, एकंगरसराय, परवलपुर और थरथरी प्रखंड के लाभुकों के लिए हिलसा कार्यालय में तथा 20 मार्च को गिरियक, कतरीसराय, राजगीर, बेन और सिलाव प्रखंड के लिए सिलाव कार्यालय में शिविर का आयोजन किया जाएगा।

इस शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी बैट्री चालित तिपहिया साइकिलों से संबंधित तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *