‘आसा’ पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन सरदार पटेल स्टेडियम नालंदा में आयोजित, हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने लिया भाग

बिहारशरीफ (नालंदा) : ‘आसा’ का नालंदा जिला कार्यकर्ता सम्मेलन शुक्रवार को सरदार पटेल स्टेडियम, नालंदा में भव्य रूप से आयोजित हुआ। इस अवसर पर हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।मुख्य अतिथि और उद्घाटनकर्ता भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं ‘आसा’ के संस्थापक अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद सिंह (RCP सिंह) थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रियदर्शी अशोक (राष्ट्रीय महासचिव सह विधानसभा प्रभारी) ने की, जबकि संचालन प्रगति आनंद, जिला अध्यक्ष (नारी शक्ति प्रकोष्ठ, नालंदा) ने किया।
नारी शक्ति प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष जयंती पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि नालंदा विधानसभा क्षेत्र अब भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कहा कि जब ‘आसा’ का प्रतिनिधि यहां से चुना जाएगा, तभी क्षेत्र में वास्तविक विकास और खुशहाली आएगी।

अध्यक्षता कर रहे प्रियदर्शी अशोक ने कहा कि जब RCP सिंह आईएएस अधिकारी थे, तब उनके प्रशासनिक कौशल ने बिहार में सुशासन की नींव रखी थी।
प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह पटेल ने कहा कि जब RCP सिंह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक साथ थे, बिहार प्रगति की राह पर था। लेकिन साजिश के तहत उन्हें हटाया गया, क्योंकि वे दलितों और पिछड़ों को सत्ता में भागीदारी देना चाहते थे। उन्होंने यह भी कहा कि RCP सिंह ने प्रशासनिक और विधायी दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
अपने मुख्य भाषण में RCP सिंह ने कहा कि नालंदा विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान विधायक पिछले 35 वर्षों से लगातार निर्वाचित हो रहे हैं, लेकिन क्षेत्र की हालत अब भी बदहाल है। उन्होंने सम्मेलन स्थल की स्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि केवल चारदीवारी बनाकर इसे ‘स्टेडियम’ कह दिया गया है, जबकि यहां कोई सुविधा नहीं है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि सहित सभी क्षेत्रों में नालंदा और बिहार पिछड़े हुए हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, और शिक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर है कि कक्षा 5 के छात्र कक्षा 3 की किताब नहीं पढ़ पा रहे हैं।
RCP सिंह ने घोषणा की कि यदि ‘आसा’ की सरकार बनती है तो:
- बेटियों को एम.ए. तक मुफ्त शिक्षा और कोचिंग दी जाएगी।
- युवाओं को रोजगार मिलने तक आर्थिक सहायता दी जाएगी।
- “नारी शक्ति सम्मान योजना” के तहत अन्य दलों की तुलना में ₹100 अधिक की डीबीटी राशि मिलेगी।
- किसानों को केंद्र सरकार से अधिक सम्मान निधि और पेंशन योजना प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ‘आसा’ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मान को हर नागरिक का अधिकार मानती है और बिहार को खुशहाल बनाने के लिए संकल्पित है।
सम्मेलन में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
ललिता सिंह, संजय कुमार सिन्हा चपू सिंह, डॉ. रंजीत पटेल, सुनील प्रसाद, गौतम प्रसाद, पूनम कुमारी, सीमा कुमारी, डॉ. जगन्नाथ गुप्ता, प्रवीण चंद्रवंशी, मानिक चंद्र कुशवाहा, रणधीर यादव, गौरव मिश्रा, गौतम पासवान, सुनील कुमार, मुकेश कुशवाहा, उपेंद्र कुमार कुशवाहा, रंजीत पटेल, खुशबू कुमारी, प्रियंका कुमारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति।