हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में बंध्याकरण ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, परिजनों का हंगामा, डॉक्टर पर लापरवाही का आरो

0
Screenshot_20260129_094519_WhatsApp

हिलसा, नालंदा । हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में बंध्याकरण ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत हो जाने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका की पहचान हिलसा थाना क्षेत्र के मलविगहा गांव निवासी इंदल विन्द की 28 वर्षीय पत्नी पिंकी देवी के रूप में की गई है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों एवं ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और जमकर हंगामा हुआ।

परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया गया कि बुधवार की सुबह करीब 10 बजे गांव की आशा कार्यकर्ता धर्मशीला देवी के माध्यम से पिंकी देवी को बंध्याकरण ऑपरेशन के लिए अस्पताल लाया गया था। दोपहर करीब 12 बजे महिला को अस्पताल में भर्ती किया गया। आवश्यक स्वास्थ्य जांच के उपरांत उसे ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक वंदना कुमारी द्वारा बंध्याकरण ऑपरेशन किया गया।

1001217734

परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे महिला को बेहोशी की हालत में ऑपरेशन थिएटर से बाहर लाया गया, लेकिन काफी देर तक उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। जब परिजनों ने इसकी जानकारी डॉक्टर को दी तो उन्हें बताया गया कि थोड़ी देर में होश आ जाएगा। स्थिति लगातार बिगड़ती देख परिजनों ने पुनः चिकित्सक से जांच कराने की मांग की, जिसके बाद नब्ज जांचते ही महिला को मृत घोषित कर दिया गया।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन से पहले पिंकी देवी पूरी तरह स्वस्थ थी और चिकित्सकों की लापरवाही के कारण उसकी जान चली गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और दोषी डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गया। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया, हालांकि परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

1001217737

इधर, अस्पताल उपाधीक्षक एस. के. सुधाकर ने बताया कि बंध्याकरण ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हुई है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल, इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा और चिकित्सकीय निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *