प्रजापति (कुम्हार) समाज के विकास को लेकर विधानसभा में उठी आवाज, माटीकला बोर्ड गठन एवं आर्थिक सहायता की मांग

0
IMG-20260227-WA0049

नालंदा से संजीव कुमार बिट्टू की रिपोर्ट,

बिहार विधानसभा के सत्र के दौरान बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक डॉ. सुनील कुमार ने सदन के पटल पर प्रजापति (कुम्हार) समाज के सामाजिक, आर्थिक एवं पारंपरिक रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को गंभीरता से उठाया।
उन्होंने कहा कि बिहार में प्रजापति (कुम्हार) समाज की बड़ी आबादी सदियों से मिट्टी के बर्तन निर्माण, मूर्ति निर्माण एवं माटीकला जैसे पारंपरिक उद्योगों से जुड़ी रही है। यह समाज राज्य की सांस्कृतिक पहचान एवं लोक परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है, लेकिन बदलते समय, आधुनिक तकनीक की कमी, पूंजी के अभाव एवं सरकारी प्रोत्साहन नहीं मिलने के कारण इस समाज के कारीगर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
विधायक डॉ. सुनील कुमार ने सदन को अवगत कराया कि देश के कई राज्यों जैसे राजस्थान, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ में माटीकला उद्योग को बढ़ावा देने तथा प्रजापति (कुम्हार) समाज के उत्थान के लिए माटीकला बोर्ड का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से कारीगरों को प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, विपणन सुविधा एवं आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने बिहार सरकार से मांग करते हुए कहा कि राज्य में भी लाखों प्रजापति (कुम्हार) परिवारों के सर्वांगीण विकास एवं पारंपरिक रोजगार को संरक्षित करने के उद्देश्य से शीघ्र माटीकला बोर्ड का गठन किया जाए, ताकि इस समाज को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
अपने संबोधन के अंत में विधायक डॉ. सुनील कुमार ने सदन से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि प्रजापति (कुम्हार) समाज के कारीगरों एवं युवाओं को स्वरोजगार के लिए न्यूनतम ब्याज दर पर ₹10 लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जाए तथा उस पर 25 प्रतिशत सब्सिडी देने की व्यवस्था लागू की जाए, जिससे वे आधुनिक मशीनों एवं संसाधनों के माध्यम से अपने व्यवसाय को विकसित कर आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार की सकारात्मक पहल से न केवल पारंपरिक माटीकला उद्योग को नया जीवन मिलेगा, बल्कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण को भी मजबूती मिलेगी।

1001280214 1

बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति के जिला सचिव (नालंदा) संजीव कुमार बिट्टू की ओर से बिहारशरीफ के विधायक डॉ. सुनील कुमार को पूरे बिहार के प्रजापति समाज की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. सुनील कुमार ने बिहार विधानसभा में प्रजापति (कुम्हार) समाज के हितों और माटीकला उद्योग के विकास का मुद्दा मजबूती से उठाकर समाज की आवाज को सदन तक पहुंचाया है। इसके लिए समाज उनके प्रति आभार प्रकट करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *