“हाँको रथ हम पान हैं” आंदोलन को सफल बनाने हेतु माधोपुर विशुनपुर में बैठक आयोजित

नालंदा जिले के माधोपुर विशुनपुर गांव में “हाँको रथ हम पान हैं” आंदोलन को सफल बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय पान महासंघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शशि भूषण ताती ने की, जिसमें गांव के पान समाज के प्रबुद्ध लोग उपस्थित रहे और आंदोलन की रणनीति पर विशेष चर्चा की।
2 मार्च को राजगीर में होगी महारैली
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि राजगीर में 2 मार्च 2025 को आयोजित होने वाली महारैली में वे सपरिवार भाग लेंगे। इस दौरान प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि नालंदा जिले के सभी पान समाज के लोगों से अनुरोध किया जाता है कि वे इस महारैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अधिकारों की लड़ाई में किसी को निमंत्रण नहीं दिया जाता, जिनका जमीर जिंदा होता है, वे खुद आगे आते हैं।
समाज के हक की लड़ाई में सबकी भागीदारी जरूरी
उन्होंने कहा कि यदि हमें अपने बच्चों का भविष्य संवारना है और अपने समाज को अंधकार से बाहर निकालना है, तो हमें इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेना होगा। उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि उन्होंने भले ही महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस या भगत सिंह को नहीं देखा हो, लेकिन उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति को जरूर देखा है जो अपने समाज के अधिकारों के लिए लड़ रहा है, अन्याय के खिलाफ आवाज उठा रहा है और सड़क से संसद तक संघर्ष कर रहा है।
इंजीनियर आई.पी. गुप्ता: सिर्फ नेता नहीं, एक विचार
उन्होंने कहा कि इंजीनियर आई.पी. गुप्ता केवल एक नेता नहीं हैं, बल्कि एक विचार और आंदोलन का प्रतीक बन चुके हैं। उन्होंने अपने स्वास्थ्य की परवाह किए बिना समाज के हक के लिए लगातार संघर्ष किया है और तांती समाज के उत्थान के लिए पूरी तरह से समर्पित हैं।
इस अवसर पर गीलेन्द्र तांती, जेहन तांती, रामजी तांती, अवकाश प्राप्त पेशकार राजेंद्र तांती, राजकुमार तांती, लूटन तांती सहित अन्य कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
