मनोकामना शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर चार दिवसीय धार्मिक आयोजन की भव्य शुरुआत, 151 कलशों के साथ निकली शोभायात्रा

0
IMG-20260213-WA0072

राकेश पासवान की रिपोर्ट – रहुई (नालंदा):र हूई प्रखंड क्षेत्र के भेंडा गांव स्थित प्रसिद्ध मनोकामना शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर चार दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन की शुरुआत शुक्रवार को कलश यात्रा के साथ हुई। आयोजन को लेकर गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

कार्यक्रम के संयोजक एवं समिति अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद उर्फ गांधी जी, राजेश प्रसाद, शिव कुमार एवं जितेंद्र कुमार ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पारंपरिक श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन महिला एवं कुमारी कन्याओं द्वारा 151 कलशों के साथ गाजे-बाजे के बीच भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई।

यह यात्रा मंदिर परिसर से वाहनों द्वारा उमाघाट गंगा घाट पहुंची, जहां पंडितों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कलशों में पवित्र जल भरवाया। इसके बाद श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयघोष के साथ पदयात्रा करते हुए गांव लौटे। गांव की परिक्रमा के बाद मंदिर परिसर में कलश स्थापना की गई तथा शाम 3 बजे से 24 घंटे का अखंड कीर्तन आरंभ हुआ।

आयोजन समिति के अनुसार, दूसरे दिन 14 फरवरी को अखंड कीर्तन की पूर्णाहुति के बाद भगवान सत्यनारायण की पूजा होगी। तीसरे दिन 15 फरवरी की संध्या शिव बारात निकाली जाएगी और रात्रि में शिव विवाह का आयोजन किया जाएगा। अंतिम दिन 16 फरवरी को दोपहर 1 बजे महाभंडारा तथा शाम 8 बजे जागरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

कलश यात्रा में कुणाल कुमार, गुंजन कुमार, संदीप कुमार, प्रवेश कुमार, बबलू कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *