खोजकीपुर में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन, आर.सी.पी. सिंह ने दिया सामाजिक एकता का संदेश

0
IMG-20260302-WA0042

शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट

बिहार शरीफ, नालंदा। जिले के सरमेरा प्रखंड अंतर्गत खोजकीपुर गांव में होली मिलन समारोह का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। रंगों के इस पर्व पर गांव का माहौल पूरी तरह उत्सवमय नजर आया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर आपसी प्रेम और भाईचारे का परिचय दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व आईएएस अधिकारी एवं प्रमुख राजनेता आर. सी. पी. सिंह रहे। उनके आगमन पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सभी को गले लगाकर आपसी सद्भाव, शांति, प्रेम और भाईचारे के साथ मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर भी है।

कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध गायिका राधा पासवान एवं उनके सहयोगियों ने पारंपरिक फगुआ और होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण संगीत और उल्लास से भर उठा। ग्रामीणों ने झूमकर गीतों का आनंद लिया और एक-दूसरे के साथ रंगों की खुशियां साझा कीं।

समारोह में पारंपरिक व्यंजन पुआ और फूलौड़ी की व्यवस्था की गई थी, जिसका सभी ने आनंद लिया। आयोजन के माध्यम से गांव में आपसी एकता और सौहार्द का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर अरविंद धानुक, अमोद कुमार, श्रीकांत प्रसाद, सुदामा महतो, जे.पी. नायक, श्रवण कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *