बिहारशरीफ में अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता 2026 का सफल आयोजन, 10 विद्यालयों के 132 विद्यार्थियों ने लिया भाग
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट,
बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा डाक मंडल के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता 2026 का आयोजन राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, कामरुद्दीनगंज, बिहारशरीफ में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में नालंदा मंडल के कुल 10 विद्यालयों के 132 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और लेखन कौशल का प्रदर्शन किया।
इस कार्यक्रम का आयोजन डाक अधीक्षक कुंदन कुमार के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से किया गया। उनके निरंतर प्रोत्साहन के कारण विद्यार्थियों में पत्र लेखन के प्रति विशेष जागरूकता और उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता का संचालन केंद्राधीक्षक एवं डाक निरीक्षक, पूर्वी उपमंडल के नेतृत्व में सुचारू रूप से किया गया। उनके कुशल नेतृत्व और अथक प्रयास से पूरा कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों ने भी इस आयोजन पर खुशी जताई। उनका कहना था कि इस तरह की प्रतियोगिताएं उनकी रचनात्मकता को बढ़ाने के साथ-साथ पत्र लेखन की कला को समझने और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। विद्यार्थियों ने डाक विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षकगण और डाक विभाग के सहयोगी कर्मचारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में नालंदा डाक मंडल की ओर से सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त किया गया।
