प्रधान शिक्षक पर हमले के विरोध में ग्रामीणों ने स्कूल में जड़ा ताला, अधिकारियों के आश्वासन पर खुला ताला

0


गुड्डू कुमार की रिपोर्ट

कतरीसराय (नालंदा)। कतरीसराय प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय कोयरी बिगहा में विभागीय अधिकारियों की कथित निष्क्रियता से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को विद्यालय में ताला जड़ दिया। इस घटना से इलाके में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। बाद में जिला और प्रखंड प्रशासन के अधिकारियों के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय का ताला खोल दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पहुंची। इसमें डीपीओ, बीडीओ रजनीश कुमार, प्रभारी बीईओ अमरजीत कुमार, थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार तथा पावापुरी थानाध्यक्ष गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर मामले की जांच कराने और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए और विद्यालय का ताला खोल दिया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय का प्रभार संभाल रहे प्रधान शिक्षक उमेश कुमार शर्मा और पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापिका के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार उक्त शिक्षिका अक्सर प्रधान शिक्षक के साथ गाली-गलौज करती रहती हैं, जिससे विद्यालय का माहौल लगातार खराब हो रहा है।

बताया जाता है कि इस संबंध में प्रधान शिक्षक ने कई बार बीआरसी कार्यालय से लेकर जिला शिक्षा कार्यालय तक लिखित शिकायत की, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पहले भी तीन-चार बार दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हो चुकी है। एक बार दोनों पक्षों की ओर से स्थानीय थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी, जिससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 6 मार्च (शुक्रवार) को रास्ते में पांच-छह अज्ञात लोगों ने प्रधान शिक्षक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल उनका इलाज विम्स पावापुरी में चल रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस घटना के पीछे भी पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापिका का हाथ हो सकता है। इसी घटना से आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने शनिवार को विद्यालय में ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन के हस्तक्षेप और जांच के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *