हम सत्ता नहीं, व्यवस्था बदलने निकले हैं” — बिहार में गरजे RCP सिंह, जन सुराज की सभा में जुटे हजारों लोग, आरसीपी सिंह ने दिया बदलाव का मंत्र

बिहारशरीफ (नालंदा) : समग्र विकास और व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प के साथ जन सुराज पार्टी की ओर से चल रही ‘बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत सोमवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जन सुराज के वरिष्ठ नेता आरसीपी सिंह नालंदा जिले के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे। उन्होंने बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के सोहसराय में आयोजित ‘बिहार बदलाव संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस कार्यक्रम का आयोजन जन सुराज पार्टी के जिला महामंत्री विनोद मुखिया द्वारा किया गया था।

जनसभा को संबोधित करते हुए आरसीपी सिंह ने कहा,
“हम सिर्फ सत्ता की लड़ाई नहीं लड़ रहे, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहे हैं। हमारा उद्देश्य है जनता का राज स्थापित करना और बिहार को एक नई दिशा देना।”
उन्होंने आगे कहा कि जन सुराज की टीम बिहार के हर जिले में जाकर पार्टी की नीतियों, विचारों और विजन को जन-जन तक पहुंचाने में जुटी है। उन्होंने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में एक सक्षम, पारदर्शी और जनहितकारी सरकार चुनने की अपील की।

इस मौके पर पूर्व महापौर दिनेश प्रसाद ने कहा,
“जन सुराज आज बिहार की जनता की जरूरत बन गई है। बिहार बदलाव चाहता है और उसका एकमात्र विकल्प प्रशांत किशोर हैं।”
इस मौके पे पूर्व महापौर दिनेश प्रसाद, जिलाध्यक्ष अरविंद प्रसाद, जिला अभियान समिति संयोजक संजीव कुमार, जिला महिला अध्यक्ष पूनम सिन्हा, जिला युवा अध्यक्ष दीपेश वर्मा, चुनाव अभियान समिति के सह-संयोजक डॉ. बिपिन यादव, पूर्व जिला प्रभारी इंद्रदेव कुशवाहा, वरिष्ठ नेता मो. जफरूल इस्लाम सहित कई वरिष्ठ नेता पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी और हजारों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

सभा के दौरान बिहार के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और प्रशासनिक सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।