नालंदा की 7 विधानसभा सीटों पर पहले चरण में मतदान, 22.33 लाख मतदाता करेंगे नेताओं की किस्मत का फैसला

0
IMG-20251006-WA0142

नालंदा (बिहार) : बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा हो चुकी है। राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण का चुनाव 6 नवंबर को जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। नालंदा जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर पहले चरण में मतदान होगा, जहां 22 लाख 33 हजार 999 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नेताओं की किस्मत तय करेंगे। चुनाव की तारीखों के साथ ही पूरे राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

नालंदा जिले में कुल 22,33,999 मतदाता हैं, जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 11,77,411 और महिला मतदाताओं की संख्या 10,56,535 है। इसके अलावा 53 मतदाता अन्य श्रेणी में शामिल हैं।

अस्थावां विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,01,833 मतदाता हैं, जिनमें 1,59,726 पुरुष और 1,42,107 महिलाएं हैं। बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र में 3,88,095 मतदाता हैं, जिनमें 2,02,407 पुरुष और 1,85,687 महिला मतदाता शामिल हैं। राजगीर में 2,98,030 मतदाता हैं, जिनमें 1,56,679 पुरुष और 1,41,351 महिला मतदाता हैं। इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र में 3,00,911 मतदाता हैं, जिनमें 1,60,146 पुरुष और 1,40,765 महिला मतदाता हैं। हिलसा विधानसभा क्षेत्र में 3,03,198 मतदाता हैं, जिनमें 1,59,535 पुरुष और 1,43,663 महिलाएं हैं। नालंदा विधानसभा क्षेत्र में 3,23,961 मतदाता हैं, जिनमें 1,70,995 पुरुष और 1,52,966 महिला मतदाता हैं। हरनौत विधानसभा क्षेत्र में 3,17,971 मतदाता हैं, जिनमें 1,67,923 पुरुष और 1,50,048 महिला मतदाता हैं।

बिहारशरीफ नालंदा जिले की सबसे बड़ी विधानसभा सीट है, जहां लगभग 3.88 लाख मतदाता हैं। वहीं, राजगीर सबसे छोटी विधानसभा सीट है, जहां करीब 2.98 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में जनता दल यूनाइटेड ने नालंदा जिले की सात में से पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल को एक-एक सीट पर सफलता मिली थी। अस्थावां विधानसभा क्षेत्र से जदयू के जितेंद्र कुमार ने आरजेडी के अनिल कुमार को 11,600 वोटों से हराया था। बिहारशरीफ से भाजपा के डॉ. सुनील कुमार ने आरजेडी के सुनील कुमार को 15,102 वोटों से मात दी थी। राजगीर में जदयू के कौशल किशोर ने कांग्रेस के रवि ज्योति कुमार को 16,048 वोटों के अंतर से हराया था। इस्लामपुर में आरजेडी के राकेश कुमार रौशन ने जदयू के चंद्रसेन प्रसाद को 3,698 वोटों से शिकस्त दी थी। हिलसा में जदयू के कृष्णमुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया ने आरजेडी के अत्री मुनि उर्फ शक्ति सिंह यादव को मात्र 12 वोटों के अंतर से हराया था, जो उस चुनाव का सबसे करीबी मुकाबला माना गया था।

नालंदा विधानसभा सीट से जदयू के श्रवण कुमार ने जनतांत्रिक विकास पार्टी के कौशलेन्द्र कुमार को 16,077 वोटों से पराजित किया था। हरनौत सीट से जदयू के हरि नारायण सिंह ने लोजपा की ममता देवी को 27,241 वोटों के सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। अब पूरे नालंदा जिले की निगाहें 6 नवंबर पर टिकी हैं, जब मतदाता तय करेंगे कि इस बार फिर जदयू का दबदबा कायम रहेगा या विपक्ष कोई बड़ा उलटफेर करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!