विश्व पर्यावरण दिवस पर सुभाष पार्क में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

बिहार शरीफ (नालंदा) : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हेल्पिंग हैंड नालंदा के संस्थापक आशुतोष कुमार के नेतृत्व में स्थानीय सुभाष पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों पौधे लगाए गए और आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रवादी भारत पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार उर्फ पटेल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण की रक्षा हेतु संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, नालंदा वन प्रमंडल के सहयोग से भी समर्थन प्राप्त हुआ। विभाग की ओर से प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने और एकल-उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह बंद करने का संकल्प दोहराया गया।

अपने संबोधन में अनिल पटेल ने कहा—
“पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है। प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।”
इस अवसर पर बिहारवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में कई स्वयंसेवी कार्यकर्ता, स्थानीय निवासी और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वृक्षारोपण के साथ-साथ लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली।